सहारनपुर के गंगोह में बड़ी मस्जिद की मीनार पर आकाशीय बिजली गिरने से हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा। आसपास के दर्जनों घरों के बिजली उपकरण खराब हो गए। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।
सहारनपुर के गंगोह में बृहस्पतिवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी मस्जिद की मीनार क्षतिग्रस्त हो गई। तेज धमाके की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बिजली गिरने का असर आसपास के घरों पर भी पड़ा, जहां कई बिजली उपकरण खराब हो गए। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। गनीमत रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई।
विज्ञापन
सहारनपुर जिले के गंगोह कस्बे के मोहल्ला गुजरान स्थित बड़ी मस्जिद पर बृहस्पतिवार सुबह आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली का प्रहार इतना तेज था कि जोरदार धमाके के साथ मस्जिद की मीनार का एक हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा। घटना में मस्जिद के विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचा, जबकि आसपास के दर्जनों घरों में भी बिजली के उपकरण खराब हो गए। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
सुबह 5:45 बजे हुआ जोरदार धमाका
मस्जिद के इमाम मुफ्ती फाजिल के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब 5:45 बजे हुई। अचानक तेज धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचने पर मस्जिद की मीनार क्षतिग्रस्त मिली। आकाशीय बिजली गिरने से मस्जिद में लगे इनवर्टर, बिजली चेंजर और लाइट फिटिंग समेत कई उपकरण जल गए।
आसपास के घरों में भी खराब हुए उपकरण
सभासद हारून चौधरी ने बताया कि बिजली गिरने का असर आसपास के घरों में भी देखने को मिला। कई घरों के इनवर्टर और अन्य बिजली उपकरण फुंक गए। इससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान हुआ। उन्होंने घटना की जानकारी नकुड़ तहसीलदार जसमिन्दर सिंह को दी।
प्रशासन ने शुरू किया नुकसान का आकलन
सूचना मिलने पर लेखपाल सोनू कुमार और समीर कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों के घरों में जाकर खराब हुए बिजली उपकरणों की जानकारी जुटाई। लेखपाल सोनू कुमार ने बताया कि प्रभावित लोगों से बैंक पासबुक की प्रतियां ली जा रही हैं। नुकसान का विवरण तैयार करके शासन को भेजा जा रहा है।
कोई जनहानि नहीं
आकाशीय बिजली गिरने से मस्जिद की मीनार और विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात रही कि किसी की जान नहीं गई। नुकसान का आकलन करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर मेहरबान, लियाकत, बासा, मेहताब, बाबू, मेसर, मेहबूब, इनाम, मुस्तकीम, सरिता देवी, इरफान, अफसर, मुबारिक, अहसान, रामचंद्र, ऋषि, शेरसिंह, विकास, ओमपाल, राजबीर राणा और फारुख सहित अन्य लोग मौजूद रहे।