केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर से विवादित बयान दिया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि देवबंद शिक्षा का नहीं, आतंक का मंदिर है। आतंकी हाफिज सईद और बगदादी भी यहीं के विद्यार्थी रहे हैं, जैसा कि मुझे लोगों ने बताया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जब अन्य शहरों के नाम बदले जा रहे हैं तो देवबंद का नाम बदलकर देववृंद करने में क्या हर्ज है।
बुधवार को कस्बा देवबंद में देवीकुंड रोड स्थित श्री महाकालेश्वर ज्ञान मंदिर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि गुरुकुल से कोई भी बच्चा आज तक आतंकवादी नहीं निकला, लेकिन यह पता नहीं कि देवबंद शिक्षा का मंदिर है या आतंक का मंदिर, क्योंकि 26/11 हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद और बगदादी दोनों यहीं के हैं। यहां मानवता के कल्याण के लिए शिक्षा दी जाती है या मानव का संहार करने की शिक्षा दी जा रही है, क्योंकि बगदादी मानव का संहार कर रहा है और हाफिज सईद ने भारत में 26/11 के हमले किए हैं। उन्होंने कहा कि यह दोनों देवबंद के ही विद्यार्थी हैं, जैसा कि लोगों ने मुझे बताया है, इसलिए मैं समझता हूं कि देवबंद शिक्षा का नहीं आतंक का मंदिर है।