उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नागल थानाक्षेत्र में रह रहे बैंक के सहायक प्रबंधक का शव कमरे में पड़ा मिला। वह किराए पर रह रहे थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार के थाना कनखल के मोहल्ला शिवपुरी निवासी आदित्य (25) पांडे पुत्र हरीश चंद्र पांडे पिछले डेढ़ वर्ष से यहां कस्बे की शाखा प्रथमा ग्रामीण बैंक में सहायक प्रबंधक के रूप में तैनात थे। वह कस्बे के ही प्रेमचंद के यहां किराए का कमरा लेकर रह रहे थे।
शाखा प्रबंधक इसरार अहमद ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे तक जब वह बैंक नहीं पहुंचे तो उन्होंने एक बैंक कर्मी को उसके कमरे पर भेजा। जहां वे अपने कमरे में चारपाई पर मृत पडे थे। शाखा प्रबंधक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिस पर मौके थाना प्रभारी निरीक्षक सुबे सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
कुछ ही देर बाद मौके पर एसपी देहात सूरज राय, सीओ देवबंद रामकरण सिंह, विधि विज्ञान प्रयोगशाला टीम ने पहुंचकर मामले में जानकारी जुटायी। एसपी देहात सूरज राय ने बताया की प्रथम दृष्टा में मृतक में कोई जहरीला पदार्थ खाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।