यूपी के सहारनपुर में अवैध खनन की सूचना पर यमुना नदी पर पहुंची पुलिस एवं खनन माफिया के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान खनन माफिया ने पुलिस पर फायरिंग और पथराव कर दिया। पुलिस ने भी जवाब में 6 राउंड फायरिंग की। घेराबंदी होती देख माफिया अपने लोगों के साथ हरियाणा की तरफ भाग निकले। पुलिस को मौके से चार जेसीबी मशीनें मिलीं, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक छोटे सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात पुलिस टीम यमुना नदी की तरफ गश्त पर थी। धौलरा गांव के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, कि बरथा घाट पर यमुना नदी में पानी के उस पार हरियाणा के खनन माफिया यूपी की सीमा में बड़े पैमाने पर जेसीबी मशीनों से अवैध खनन करा रहे हैं। पुलिस टीम तुरंत बरथा घाट पर पहुंची और मंदिर के सामने यमुना नदी में जेसीबी मशीनों की लाइट को देखकर उसी दिशा में जब मौके पर पहुंची, तो खनन माफिया ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। इतना ही नहीं उन लोगों ने इकट्ठा होकर पुलिस पर पथराव भी किया और फायरिंग एवं पथराव के बीच अपने वाहन एवं जेसीबी मशीनें लेकर हरियाणा की तरफ भाग खड़े हुए। पुलिस ने भी अपने बचाव में छह राउंड फायरिंग की। पुलिस को मौके पर चार जेसीबी मशीनें मिलीं, जिन्हें कब्जे में लिया गया।
इस मामले में यूपी के कोतवाली बेहट क्षेत्र के बरथा गांव निवासी प्रदीप पुत्र शेर सिंह के अलावा कुंवरपाल पुत्र पूरण निवासी गांव मुंड़ा खेड़ा, नीटू पुत्र इसम सिंह व नरेंद्र पुत्र पहलवान निवासी गांव इस्माइलपुर, अरुण पुत्र मैनपाल व देवी सिंह निवासी गांव बल्लेवाला आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/