मेरठ में पासपोर्ट इंक्वायरी के नाम पर सिस्टम को पारदर्शी बनाने की अधिकारियों की मंशा पूरी होती नहीं दिख रही है। अब एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें शहर के एक थाने में तैनात एक सिपाही पासपोर्ट इंक्वायरी के नाम पर आवेदक से एक हजार रुपये की मांग करता दिखाई दे रहा है। यह सिपाही अंडर ट्रांसफर बताया गया। वीडियो वायरल होने की भनक पड़ते ही सिपाही को रिलीव कर दिया गया।
यह सिपाही किसी महिला के पासपोर्ट की इंक्वायरी के लिए पहुंचा और एक हजार रुपये की मांग करने लगा। इस वीडियो में यह सिपाही यह कहता सुनाई दे रहा है कि पूर्व में ऐसी इंक्वायरी रिपोर्ट उसने 500-500 रुपये में लगायी है। एक आधार कार्ड से वह रिपोर्ट लगा देता था। लेकिन अब रेट बढ़ गए हैं। सूत्र बताते हैं कि जिस सिपाही की यह वीडियो वायरल हुई है, वह पिछले एक साल से अंडर ट्रांसफर चल रहा है। यहां तक बताया जा रहा है कि दो दिन पहले इस वीडियो की भनक लगने के बाद आनन-फानन में उसे थाने से रिलीव कर दिया गया। लेकिन उसके बाद भी यह पासपोर्ट की इंक्वायरी कर रहा है।
इस संबंध में संबंधित थाना प्रभारी का कहना है कि ऐसी किसी वीडियो के वायरल होने की उन्हें जानकारी नहीं है। जहां तक इस सिपाही की बात है तो दो दिन पहले उसे रिलीव किया जा चुका है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/