हल्की बारिश में ही नगर निगम की पोल खोलने वाले शहर के नालों की इस साल भी सुध नहीं ली गई है। थापर नगर से सटे पटेल नगर का नाला सालों से साफ नहीं हुआ है। नाले में भरी सिल्ट का आलम यह है कि उस पर खरपतवार उग आई है। जो कि नगर निगम के नाला सफाई के दावों की पोल खोल रही है। यहां के निवासियों ने बताया कि शिकायतों के बाद भी इस नाले की सफाई आज तक नहीं हुई है। बारिश होने पर यह नाला और इसकी सिल्ट सड़क पर फैल जाती है। इसके बाद होने वाले संक्रमण से लोगों को दो चार होना पड़ता है।
थापर नगर से सटा पटेल नगर हिंदू-मुस्लिम मिश्रित आबादी वाला इलाका है। यहां बीच आबादी से निकल रहा नाला सिल्ट से इस कदर अटा है कि इस पर न केवल घास और तमाम तरह के पेड़ उग आए है। यहां तक कि इस पर बच्चे भी खेलते रहते हैं। मोहल्ला निवासी आफताब और जाकिर ने बताया कि सालों से इस नाले की नगर निगम ने सफाई नहीं कराई है। कई बार मोहल्ले वाले इसे लेकर विरोध जता चुके हैं और नगर निगम पर प्रदर्शन भी कर चुके हैं। हल्की बारिश में भी नाले का गंदा पानी सड़क पर आ जाता है। घरों और दुकानों में गंदा पानी भर जाता है। इसकी गंदगी के चलते लोग बीमार पड़ जाते हैं। इस साल भी नगर निगम ने नाले की सुध नहीं ली। पिछले दिनों हुई बारिश में नाले का पानी उफनकर घरों में घुस गया था। तब भी निगम में शिकायत की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ।