रोहटा। क्षेत्र में बुधवार को मीट की दुकान खुलने की अफवाह पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार देर शाम एक दुकानदार कुछ देर के लिए दुकान खोलकर अंदर सफाई आदि का कार्य कर रहा था। इसी बीच बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और दुकान खुलने का विरोध करने लगे। दुकानदार दुकान बंद कर वहां से चला गया। इसी दौरान किसी ने यह अफवाह फैला दी कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं और मीट बेचने वालों के बीच विवाद हो गया है। सूचना पर थाना प्रभारी अनुराग सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में मीट की बिक्री बंद है। बाद में सीओ सरधना आशुतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी। सीओ ने बताया कि विवाद की सूचना मिली थी लेकिन ऐसा कोई मामला नहीं मिला।