मेरठ। लिसाड़ीगेट निवासी टेक्सटाइल कारोबारी तहसीन से जयपुर के व्यापारी पवन कुमार और दिनेश राठी ने कपड़ा बेचने के नाम पर 21 लाख रुपये हड़प लिए। कई दिन तक आरोपी झूठ बोलकर पीड़ित को गुमराह करते रहे। पीड़ित ने एसएसपी के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लिसाड़ीगेट के पदमपुरा निवासी तहसीन की सुप्रीम टेक्सटाइल के नाम से फर्म है। एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में तहसीन ने बताया कि जयपुर के सांगानेर इंडस्ट्रियल एरिया में पवन कुमार और दिनेश राठी की शुभम फैशन एजेंसी और सुमन एजेंसी के नाम से कंपनी है। 29 जनवरी 2025 को उन्होंने दिनेश राठी से एक लाख मीटर लेडीज फैब्रिक 23.50 रुपये प्रति मीटर के हिसाब से तय किया था। इसी दिन टोकन मनी के रूप में 35 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से दिनेश राठी को दिए।
सात फरवरी को तहसीन दोनों की कंपनी में गए और पांच लाख रुपये नकद दिए। आरोपियों ने कपड़े की डिटेल तहसीन के व्हाट्सएप पर भेज दी। 10 फरवरी को सुमन एजेंसी के अकाउंट में उन्होंने तीन बार में 15.65 लाख रुपये अपने खाते से ट्रांसफर किए। 19 फरवरी को दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने माल दिल्ली भेज दिया है। एक सप्ताह में मिल जाएगा। एक सप्ताह बाद तहसीन ने आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि जिस ट्रक में माल आ रहा था। उसकी कमानी टूट गई है। माल 10-15 दिन में मिलेगा। ट्रक की फोटो आरोपियों ने उनके पास भेजते हुए बताया कि माल जयपुर लॉजिस्टिक ट्रांसपाेर्ट कंपनी पर मिलेगा।
इसके बाद चार मार्च को पीड़ित जयपुर लॉजिस्टिक ट्रांसपाेर्ट कंपनी पहुंचा तो पता चला कि आरोपियों ने बिल्टी तो बनवा ली, लेकिन माल बुक नहीं किया। पीड़ित ने आरोपियों से कई बार मोबाइल पर संपर्क किया लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। 26 मार्च को पीड़ित जयपुर पहुंचा तो आरोपियों ने बताया कि कुछ परेशानी हो गई थी, जिसकी वजह से माल नहीं भेज सके। माल न मिलने पर एक जून को पीड़ित दोबारा जयपुर गया और अपने रुपये वापस मांगे। आरोपियों ने कहा कि रुपये का इंतजाम अभी नहीं है। जल्द ही रुपये लौटा देंगे। अभी तक भी आरोपियों ने न तो रुपये दिए और न ही कपड़ा दिया। एसएसपी के आदेश पर लिसाड़ीगेट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।