सहारनपुर। वैलेंटाइन वीक शुरू होते ही गुलाब ने भी नखरे दिखाने लगा। रोज डे पर गुलाब 300 रुपये में बिका। गुलाब को खरीदने के लिए बाजार और गिफ्ट गैलरियों में भीड़ रही।
रोज डे के दिन अपने जज्बातों को बयां करने के लिए युवाओं ने खासी तैयारियां की थी। प्यार के सप्ताह को खास बनाने के लिए गिफ्ट की दुकानों में भी खासी तैयारियां हैं। किसी ने गुलाब के ताजे फूलों का बुके बनवाया तो किसी ने बनावटी फूल देकर रोज डे को यादगार बनाया। वहीं, प्रेमी-प्रेमिका, विवाहित जोड़े, दोस्त सभी प्यार के इस पर्व की एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए।
उधर, वैलेंटाइन वीक में गुलाब के दाम भी बढ़ गए हैं। आम दिन में 20 से 30 रुपये में मिलने वाला गुलाब 300 रुपये तक बिका। फूल विक्रेताओं का कहना है कि वैलेंटाइन वीक की तैयारियां एक फरवरी से ही शुरू हो जाती है। गुलाब के ताजे फूलों के विभिन्न प्रकार के बुके बनाए गए हैं। गिफ्ट गैलरियों में बंगलूरू, उत्तराखंड आदि जगहों से आने वाले फूलों की मांग अधिक रही।
प्रपोज डे आज
वैलेंटाइन वीक में शनिवार यानी आज प्रपोज डे मनाया जाएगा। इसके लिए प्रेमी जोड़ों ने खासी तैयारी कर ली है। जो बात वे पूरे साल नहीं कर सके वह इस दिन कहकर अपने प्यार का इजहार करेंगे।