बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने आयोजित की थी नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल परीक्षा
फोटो समाचार
मेरठ। उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग के लिए मेरठ के रोबिन सिंह और मंडल के ही डॉ. देवेंद्र ने नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल (एनटीओ) परीक्षा पास कर देशभर में मेरठ का नाम रोशन किया है। अब यहां बॉक्सिंग को आगे बढ़ाने के लिए और भी तेजी से कार्य किया जा सकेगा।
उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग तकनीकी निदेशक रोबिन सिंह ने बताया कि यह परीक्षा 8वीं यूथ (अंडर-19) पुरुष एवं महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2026 के दौरान गुवाहाटी, असम में आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया। इसमें रोबिन और नोएडा के डॉ. देवेंद्र का नाम सफल अधिकारियों की सूची में शामिल रहा। दोनों अधिकारियों की इस उपलब्धि से उत्तर प्रदेश के मुक्केबाजी जगत में खुशी एवं गर्व का माहौल है।
मेरठ में 40 से अधिक बच्चे पा रहे हैं प्रशिक्षण
मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में 40 से अधिक बच्चे बॉक्सर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यहां छात्रावास के बॉक्सरों और स्टेडियम में आने वाले बॉक्सरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें ओलंपियन सतीश यादव छात्रावास के बॉक्सिंग प्रशिक्षक हैं और इसके अलावा यहां अभिषेक द्विवेदी अन्य बॉक्सिंग खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। मेरठ में अभी हाल ही में बॉक्सिंग की स्टेट प्रतियोगिता हो चुकी है जिसमें कई जिलों से बॉक्सरों ने प्रतिभाग किया और शानदार प्रदर्शन किया था। यहां के कई बॉक्सर नेशनल से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपना दम दिखा चुके हैं।