पीड़ितों ने उठाए सवाल
महिला सिपाही से लूट की घटना का पता लगते ही मीडियाकर्मी भी पहुंच गए। पहले तो पुलिस वालों ने महिला सिपाही से बात नहीं करने दीं। जैसे तैसे महिला सिपाही से बात की तो वह अपने विभाग की बदनामी की बात कहकर चुप हो गई। शिक्षिका अंजलि ने बताया कि बदमाश सरेराह चेन लूटकर ले गए। वहीं बैंक कर्मचारी अनिल रस्तोगी ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाए।
नौचंदी इलाके में बदमाशों के निशाने पर पुलिसकर्मी
नौचंदी थाना क्षेत्र में बदमाशों के निशाने पर पुलिसकर्मी भी हैं। एक सप्ताह पहले बागपत में तैनात हेड कांस्टेबल से बदमाशों ने लूटपाट की थी। इन बदमाशों का पुलिस आज तक सुराग नहीं लगा पाई। वह मामला अभी ठंडा नहीं हुआ की फूल बाग कॉलोनी में महिला सिपाही से ही बदमाशों ने चेन छीन ली। नौचंदी थाना पुलिस की कार्यशैली से व्यापारी भी नाराज हैं। विष्णु ज्वेलर्स के यहां डकैती के मामले में भी नौचंदी थाने की पुलिस ने किरकिरी कराई हुई है।
कहां गई शहर की पुलिस
प्रशासन का दावा है कि शहर में रात नौ बजे के बाद लॉकडाउन लागू हो जाता है। यह लॉकडाउन सिर्फ दुकानदारों पर ही लागू है। बुधवार रात में ये तीनों घटना नौ बजे के बाद ही हुई हैं। सवाल है कि लॉकडाउन में पुलिस कहां रहती है। शायद इसका जवाब पुलिस अधिकारियों के पास भी नहीं है।