हर विधानसभा के दो ग्रामीण रूटों पर चलेंगी रोडवेज बसें
मेरठ। लंबे समय से मांग कर रहे ग्रामीणों को अब रोडवेज बसों की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री के आदेश पर परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने प्रत्येक विधानसभा के दो ग्रामीण रूटों का चयन कर उन पर रोडवेज बस चलाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, कटारिया ने यहां संचालित होने वाली बसों का लोड फैक्टर 70 फीसदी लाने की शर्त भी लगाई है। इस आशय का निर्देश मिलते ही रोडवेज ने विधानसभा क्षेत्रों से प्रस्ताव मंगाने शुरू कर दिए हैं।
जिले में ऐसे दर्जनों ग्रामीण रूट हैं, जिन पर आज तक रोडवेज बसों का पहिया नहीं घूम सका है। यहां के ग्रामीण लंबे समय से रोडवेज बस संचालित कराने की मांग जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से करते रहे हैं। लेकिन घोषणा होने के बावजूद योजना परवान नहीं चढ़ सकी। शासन ने एक बार फिर से उम्मीद जगाई है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र के दो ग्रामीण रूटों का चयन कर रोडवेज बस चलाने के आदेश दिए हैं। इस पर परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने 70 फीसदी लोड फैक्टर की शर्त के साथ बसों का संचालन करने के निर्देश जारी किए हैं। जिले की शहर और कैंट विधानसभा सीट को छोड़कर बाकी पांच विधानसभा सीटों सिवालखास, मेरठ दक्षिण, किठौर, हस्तिनापुर और सरधना में दो-दो रूटों पर बस चलाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए विभाग की तरफ से विधायकों से रूट मांगे गए हैं। दिए जाने वाले रूटों का पहले विभाग सर्वे कराएगा। इसके बाद इन पर बसों का संचालन शुरू करेगा।