रुड़की रोड पर पीएसी के सामने रोडवेज बस ने स्कूटी सवार मां-बेटी को कुचल दिया। बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया।
मूलरूप से एटा निवासी मोदी रबड़ फैक्ट्री से रिटायर महावीर यादव का परिवार हाइवे स्थित वृंदावन कालोनी में रह रहा है। महावीर के तीन बेटी और एक बेटा है। बड़ी बेटी अनुराधा (28) की शादी मवाना क्षेत्र में की है। मायके में आई अनुराधा शनिवार दोपहर करीब एक बजे अपनी मां सरला देवी के साथ स्कूटी से शहर जा रही थी। रुड़की रोड पर पीएसी नाले पर पहुंची तो पीछे से तेज गति व लापरवाही के साथ आ रहे रोडवेज बस चालक ने दोनों को कुचल दिया। अनुराधा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी तो उसमें सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान चालक बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पल्लवपुरम पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सरला देवी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर पल्लवपुरम एसपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
मोदीपुरम। अनुराधा की मौत का पता जब मायके और ससुराल वालों को चला तो कोहराम मच गया। ससुराल वाले भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि अनुराधा के तीन साल का एक बेटा है। जो अपनी मां के घर लौटने का इंतजार कर रहा था। उधर, अस्पताल में जब मां सरला को बेटी की मौत का पता चला तो वह भी बिलख पड़ीं। सभी परिजनों को रो रोकर बुरा हाल था।
स्पीड पर नहीं था कंट्रोल
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक का बस पर कोई नियंत्रण नहीं था। इस घटना से पहले बस की चपेट में आने से एक कार बची थी। जिसके बाद बस ने स्कूटी में जोरदार टक्कर दे मारी। मां-बेटी स्कूटी से गिरीं तो बस उन्हें कुचलते निकल गई। आसपास के लोगों ने बस चालक को पकड़नेे का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।