संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कुम्हारान मोहल्ले में करीब एक वर्ष से खुदी पड़ी सड़क स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। हालात ऐसे हैं कि पालिका प्रशासन सभासद की बात सुनने को भी तैयार नहीं है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद स्थिति और बदतर हो गई।
कुम्हारान मोहल्ले का मस्जिद वाला रास्ता लंबे समय से कच्चा पड़ा है। करीब एक साल पहले जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के नाम पर बनी-बनाई सड़क को खोद दिया गया था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। इसके बाद सड़क चकरोड जैसी स्थिति में तब्दील हो गई है। नगर पालिका द्वारा नए सिरे से सड़क निर्माण का आश्वासन देकर मामला लंबे समय तक लटकाया गया। बाद में टेंडर जारी होने पर ठेकेदार ने कार्य शुरू कराया और सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण कर दिया गया लेकिन मिट्टी भराव के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। इसके चलते सड़क का निर्माण फिर अधर में लटक गया है।
सभासद पति कासिम अंसारी ने बताया कि उन्होंने कई बार पालिका अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और जलभराव हो गया। इससे लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। सभासद ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए पालिका प्रशासन से शीघ्र सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।