मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-58 पर योगीपुरम के पास शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल जा रहे दो युवकों को कुचल दिया, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने नशे की हालत में कार चला रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सिंधावली गांव निवासी लगभग 22 वर्षीय शौकीन अपने एक साथी के साथ चढ़त के दौरान इस्तेमाल होने वाले जनरेटर को लेकर घर लौट रहा था। जब वे योगीपुरम के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान शौकीन की मौत हो गई, जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि कुछ देर पहले घर लौट रहा शौकीन अब उनके बीच नहीं रहा।
सूचना मिलते ही कंकरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चालक नशे की हालत में कार चला रहा था। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि शौकीन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी देखें...
वेस्ट यूपी का मौसम: मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत में प्रदूषण बढ़ा, सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन