संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में चल रही त्रिकोणीय क्रिकेट शृंखला में शुक्रवार को सीनियर वर्ग में दो क्वार्टर फाइनल मैच हुए। इसमें ऋषभ क्रिकेट एकेडमी और आईटीआई ने मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले मैच में आईटीआई की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 29.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 196 रन बनाए। टीम की ओर से रिहान ने 83, वैभव ने 40 और अजय व कृष्ण ने 30-30 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में पार्थ और दिव्य ने तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ क्रिकेट एकेउमी की टीम ने 26.5 ओवर में 8 विकेट खोकर 197 रन बनाकर मैच जीता। टीम की ओर से रोनित ने 41, सार्थक ने 40 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में रिहान ने दो तो कार्तिक और नक्ष ने तीन-तीन विकेट लिए।
दूसरे मैच में आईटीआई के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने उतरी जीटीबी की टीम ने 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 237 रन बनाए। अजय ने 50, दिव्य ने 48 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में पार्थ ने तीन व कार्तिक और हिमांशु ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईटीआई की टीम ने 29.3 ओवर में 7 विकेट खोकर 238 रन बनाकर मैच जीता। टीम ने 3 विकेट से जीत प्राप्त की। टीम की ओर से संध्या ने 47, अरनव ने 43, अयान ने 46 रन की पारी खेली। गेदंबाजी मे कुश ने तीन व कुणाल ने दो विकेट लिए। आयोजन सचिव अतहर अली ने बताया कि आज शनिवार को जूनियर वर्ग का सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा।