जानीखुर्द (मेरठ)। गांव पांचली खुर्द में बृहस्पतिवार शाम ग्रामीणों की फायरिंग में मारा गया इनामी बदमाश रिंकू गुर्जर कई लोगों की हत्या की फिराक में था। ग्रामीणों के अनुसार रिंकू गुर्जर तीन दिन से गांव में हत्या के इरादे से घूम रहा था। मंगलवार शाम को रिंकू कई ग्रामीणों से मिला था। उसने गांव के ही राहुल पुत्र कृपाल सिंह को फोन करके हत्या करने की धमकी दी थी। रिंकू राहुल को सबसे बड़ा दुश्मन मानता था। इसके बाद से राहुल सतर्क हो गया था। बुधवार को भी गांव में आने वाले रास्तों पर रिंकू ग्रामीणों को दिखाई दिया था। उसने ग्रामीणों को कहा था कि अब गांव में रिंकू का राज चलेगा। वह अपने सब विरोधियों को मार डालेगा।
बृहस्पतिवार शाम छह बजे के करीब रिंकू गांव पांचली खुर्द निवासी अपने एक अन्य विरोधी पवन की दुकान पर अपने साथी के साथ बाइक से पहुंचा था। पवन की दुकान गांव पांचली खुर्द में मेरठ बागपत मार्ग पर रोड़ी डस्ट की है। पवन गांव में रिंकू की मौजूदगी की जानकारी पर दुकान पर नहीं बैठ रहा था। दुकान पर न मिलने पर रिंकू ने दुकान पर मौजूद नौकर से कहा कि कह देना कि रिंकू से कब तक पवन बचेगा। इसके बाद रिंकू वहां से चला गया।
इसके बाद राहुल की तलाश में रिंकू विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज पांचली खुर्द में पहुंचा। यहां राहुल काम करता है, लेकिन राहुल नहीं मिला। वही काम करने वाले अन्य लोगों ने रिंकू के आने की जानकारी राहुल को दी थी। इसके बाद रिंकू गांव में राहुल के घर शाम सात बजे बाइक से पहुंचा। बाइक रिंकू चला रहा था। पीछे उसका साथी बैठा था जो बाद में एक कमरे में घुस गया था।