जानीखुर्द। गांव पांचली खुर्द के 25 हजारी बदमाश रिंकू गुर्जर की हत्या के दौरान मौके से पकड़े गए उसके साथी सचिन गुर्जर से पुलिस पूछताछ में लगी है, लेकिन अभी तक पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इस मामले में घटना के बाद एसएसपी डाॅ. विपिन ताड़ा ने जानी थाना प्रभारी संजय पांडे को निलंबित कर दिया था। डीआईजी के आदेश पर एसएसपी ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी है। जांच के लिए क्राइम इंस्पेक्टर महेश कुमार राठौड़ को नियुक्त किया गया है। हालांकि अभी तक थाने में नए प्रभारी की नियुक्ति नहीं हुई है।
चार दिन पूर्व रिंकू गुर्जर की गांव पांचली खुर्द में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रिंकू गुर्जर गांव के ही निवासी राहुल की हत्या करने के लिए आया था। इस दौरान रिंकू गुर्जर ने राहुल के भाई आजाद को गोली मारकर घायल कर दिया था। ग्रामीणों ने रिंकू के साथी हस्तिनापुर निवासी सचिन गुर्जर को मौके से पकड़ा था। सचिन गुर्जर तभी से जानी थाना पुलिस की हिरासत में है।
रिंकू की हत्या की के मामले में गांव के चौकीदार अनीस ने राहुल को नामजद किया था। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर जेल दिया है। राहुल को घटना में नामजद किए जाने से ग्रामीणों में रोष है। वहीं राहुल के पिता ने रिंकू और एक अन्य अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सचिन गुर्जर चार दिन से जानी पुलिस की हिरासत में है। पुलिस का कहना है कि अभी उसके खिलाफ जांच चल रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी डाॅ. विपिन ताड़ा ने रविवार को क्राइम इंस्पेक्टर महेश कुमार राठौड़ को जांच के लिए नियुक्त किया है।
एसपी देहात राकेश मिश्रा का कहना है कि रिंकू हत्याकांड में पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज भी चेक की जा रही है। मौके से पकड़ा गए सचिन गुर्जर से पूछताछ की जा रही है। अभी तक उसकी संलिप्तता स्पष्ट नहीं हो सकी है।