कांशीराम कॉलोनी में गोलियां चलाने वाला रिहान मुंबई में भी वांटेड
खरखौदा। कांशीराम कॉलोनी में गोलियां चलाने वाला रिहान मुंबई से भी वांटेड है। वह अपनी पत्नी के साथ मुंबई में रहता था। कई मुकदमे होने के बाद मुंबई छोड़कर रिहान अपनी पत्नी मुस्कान के साथ कांशीराम कॉलोनी में आकर रहने लगा। पुलिस के मुताबिक जहां पर दंपती अवैध धंधा करते थे। जिसको लेकर मारपीट, पथराव और फायरिंग की घटना हुई थी ।
काशीराम कॉलोनी में दो दिन पहले अपने वर्चस्व को लेकर दूसरे पक्ष पर फायरिंग करने व पथराव करने के मुख्य आरोपी रिहान व उसकी पत्नी मुस्कान के बारे में लोगों का कहना है कि मुस्कान सन 2012 में काशीराम कॉलोनी में पहुंची। रिहान मूल रूप से बागपत जिले का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक मुस्कान से विवाह करने के बाद काशीराम कॉलोनी को ही अवैध धंधे का अड्डा बना लिया। कई लोगों पर झूठे मुकदमे कराने का दबाव बनाकर उन्हें ठगा है तथा अपने पति को बचाया है। लोगों में चर्चा है कि रिहान पहले एक अधिकारी के यहां चालक के पद पर रह चुका है। लेकिन अब कई वर्ष से उसने चालक की नौकरी छोड़ काशीराम कॉलोनी में बस गया था। रिहान व उसकी पत्नी की गिरफ्तारी को लेकर मंगलवार को खरखौदा पुलिस ने कई संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि आरोपियों पर कार्रवाई होगी। उनकी तलाश में दबिश चल रही है। संवाद