संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दौराला-मसूरी मार्ग पर काली नदी पुल के समीप बुधवार को चावल के कट्टों से भरा कैंटर एक कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया, जबकि पुल पर जाम लग गया।
फलावदा से चावल लेकर मेरठ जा रहा कैंटर जैसे ही काली नदी पुल के पास पहुंचा, तभी सामने अचानक एक कार आ गई। कार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और पुल पर चढ़ने से पहले ही कैंटर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। हादसे के बाद कैंटर में लदे चावल के कई कट्टे फट गए और उनका सामान खाई में बिखर गया।
राहगीरों ने तत्काल चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दूसरे वाहन में चावल लदवाकर क्रेन की मदद से पलटे कैंटर को बाहर निकाला गया। वाहन हटाने की कार्रवाई के दौरान काली नदी पुल पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने यातायात सुचारू कराया।