मोदीपुरम - लूट के बाद अस्पताल में भर्तीशशिबाला।
मोदीपुरम। राजकमल पार्क कॉलोनी निवासी रिटायर्ड दरोगा वेदपाल की पत्नी शशिबाला ने ऑनलाइन ठगी होने पर जेवरात सराफ के यहां गिरवी रख दिए। इसके बाद उसने सुबह की सैर के दौरान जेवरात लूट की झूठी सूचना दे दी। पुलिस ने बुधवार को जांच कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।
बुधवार सुबह सवा पांच बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि लावड़-सौफीपुर मार्ग पर दो बदमाशों ने रिटायर्ड दरोगा वेदपाल की पत्नी शशिबाला से जेवरात लूट लिए। पुलिस मौके पर पहुंची। शशिबाला ने बताया कि नशीला स्प्रे छिड़ककर उनके कानों के टॉप्स, चार छोटी बाली, हाथ की दो सोने की अंगूठी, पैरों की पाजेब बदमाश लूट ले गए। इस दौरान वह नीचे गिरने से घायल हो गईं।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने गहनता से जांच की तो लूट की सूचना झूठी पाई गई। शशिबाला के साथ ऑनलाइन ठगी हुई थी। उसने कान के टॉप्स को बालाजी ज्वेलर्स पर व अंगूठी व अन्य ज्वेलरी देव ज्वेलर्स मोदीपुरम के पास गिरवी रख दी थी। ठगी कैसे हुई इस संबंध में जांच चल रही है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
-