कैंट स्थित डाकखाने के पास बृहस्पतिवार दिनदहाडे़ सेना के रिटायर सूबेदार की पत्नी से बदमाशों ने 1.25 लाख रुपये लूट लिए। बैंक से पैसा लेकर महिला पति के साथ पैदल जा रही थी। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
कंकरखेड़ा के जंगेठी गांव निवासी देवेंद्र कुमार सेना के रिटायर सूबेदार हैं। दोपहर करीब पौने चार बजे देवेंद्र पत्नी राजवती के साथ टैंक चौराहे के पास एसबीआई की शाखा में पहुंचे थे। उनके पास पहले से 45 हजार रुपये थे, जबकि खाते से 80 हजार रुपये निकाले थे।
बैग में 1.25 लाख रुपये लेकर दंपति बैंक से पैदल ही निकला था। बैंक से कुछ दूर बड़े डाकखाने के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशोें ने राजवती के हाथ से नोटों से भरा बैग लूट लिया। दंपति शोर मचाते हुए बदमाशों की बाइक के पीछे भागा। लेकिन बदमाश तेजी से फरार हो गए। इस बीच वहां लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर इंस्पेक्टर सदर बाजार गजेंद्र पाल सिंह भी पहुंच गए।
नहीं मिली फुटेज से मदद
इंस्पेक्टर सदर दंपति को लेकर थाने पहुंचे और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। पुलिस का मानना था कि बदमाशों ने बैंक से ही दंपति का पीछा किया। हालांकि काफी देर तक फुटेज देखने के बाद दंपति ने किसी को पहचानने से इंकार कर दिया। उसके बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान चलवाया। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
साहब! बेटी की फीस कैसे देंगे
राजवती ने बताया कि उसकी बेटी ज्योति नोएडा के एक कॉलेज से एमबीए कर रही है। उसकी फीस जमा करने के लिए बैंक से पैसे निकाले थे। राजवती का रो रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार इंस्पेक्टर से कहती कि साहब हमारी बेटी की फीस कैसे जाएगी। पति सेना से रिटायर हो चुके हैं। पेट काटकर एक-एक पैसा बैंक में जोड़ा था।
तुम टेंशन मत लो
इंस्पेक्टर सदर बार-बार दंपति को भरोसा देते रहे कि तुम लोग टेंशन मत लो। बदमाशों को पकड़कर तुम्हारा पैसा बरामद करूंगा। इंस्पेक्टर ने बताया कि जिस जगह लूट हुई है, वहां बहुत सुनसान है। लोगों की आवाजाही भी बहुत कम है। शार्ट कट रास्ते से दंपति पैदल ही अपने जंगेठी गांव में जा रहा था। देवेंद्र की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया।