- प्रबंध निदेशक पीवीवीएनएल ने किया कंट्रोल रूम का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। प्रबंध निदेशक पीवीवीएनएल ईशा दुहन ने बुधवार देर रात कस्टमर केयर सेंटर और बिजलीघरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम और बिजलीघर पर तैनात अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में जरा भी लापरवाही बरती गई तो अधिकारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
प्रबंध निदेशक ने देर रात लगभग 12 बजे पश्चिमांचल के सभी 14 जिलों की शिकायतों के लिए मंगलपांडे नगर में बनाए गए कस्टमर केयर सेंटर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने चैट बोट, ट्यूटर, कंज्यूमर एप, वेब सर्विसेज, हेल्पलाइन नंबर 1912 आदि पर आने वाली उपभोक्ताओं की शिकायतों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी शिकायत दर्ज होने और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को हेल्पलाइन नंबर पर आने वाली सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने और उनकी जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद रात करीब एक बजे उन्होंने मंगलपांडे नगर बिजलीघर का निरीक्षण किया और बिजलीघर की स्थिति, उपकरणों की कार्यप्रणाली और बिजली आपूर्ति की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान निदेशक तकनीक एनके मिश्र, मुख्य अभियंता मुनीश चौपड़ा आदि मौजूद रहे। संवाद