पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस
मेरठ में पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री ऊर्जा डॉ. सोमेंद्र तोमर ने प्रतिभाग किया।
उन्होने कहा कि मेरठ की धरा अब मात्र क्रांतिधरा नहीं है। खेल के क्षेत्र में भी अग्रणी योगदान दे रही है। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। राज्यमंत्री द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की अध्यापिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर एडीजी राजीव सब्बरवाल, आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, अपर जिलाधिकारी नगर दिवाकर सिंह, उप जिलाधिकारी सदर ओजस्वी राज सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।
लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस
लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। आज गणतंत्रता की 74वीं वर्ष गांठ मनाई गई। मेडिकल कॉलेज प्रांगण में प्रधानाचार्य डॉ. आर सी गुप्ता ने सर्वप्रथम ध्वजारोहण किया।
गणतंत्रत दिवस पर मेडिकल कॉलेज और चिकित्सालय में उत्कृष्ट कार्य व सेवा प्रदान करने के लिए लिपिकों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों को पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. प्रदीप भारती गुप्ता, सभी विभागध्यक्ष, सभी संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ और छात्र छात्रायें आदि उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष में साइक्लोमैड फिट इंडिया के संस्थापक डॉक्टर अनिल नौसरान के तत्वावधान में समस्त सदस्यों ने देश भर में साइकिल चलाई और दौड़े। डॉक्टर नौसरान ने सुबह इस अवसर पर 26 किलोमीटर दौड़ लगाई।
हापुड़ रोड मदरसा जामिया मदनिया में मनाया गणतंत्र दिवस
मेरठ में गणतंत्र दिवस पर हापुड़ रोड स्थित मदरसा जामिया मदनिया में कुंवर बासित अली अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तर प्रदेश सरकार व शहर कारी शफीकुर्रहमान कासमी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद बासित अली ने कहा आज हमारे लिए गौरव का दिन है, हमारे देश में दुनिया का सबसे शक्तिशाली संविधान लागू हुआ। हमें इसके महत्त्व को समझना चाहिए और अपने बच्चों को भी समझाना चाहिए। ताकि राष्ट्रप्रेम हमारे और नई पीढ़ी में हमेशा जिंदा रहे।
मदरसे के प्रधानाचार्य कारी शफीकुर्रहमान कासमी ने कहा कि हमारे देश को आजादी किसी एक मजहब, जाति, समुदाय या इलाके के लोगों की वजह से नहीं मिली। बल्कि हर मजहब, जाति और विभिन्न शहरों के लोगों द्वारा एक भारतीय होने की हैसियत से एक-दूसरे के कांधे से कंधा मिलाकर लड़ने और कुर्बानियां देने की वजह से मिली है। उन्होंने कहा कि देश तरक्की करे, सुपर पॉवर बने।
प्रोग्राम का संचालन करते हुए काजी हस्सान कासमी ने कहा कि यह कोई धार्मिक प्रोग्राम नहीं है, ये पूरे देश का त्योहार है। जिसे हर भारतीय मना रहा है और इस हकीकत से किसी को इंकार नहीं है।
इस दौरान आकाश गुर्जर, इकबाल सैफी, मुफ्ती अखलाक नदवी, कारी उमर फारूक, नाज़िम सैफी शाकिर सैफी मौलाना अली रजा, मुफ्ती अकील आदि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।