मवाना। मेरठ रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अटोरा रोड निवासी जाहिद (40) पुत्र खुर्शेद के रूप में हुई है।
रोजाना की भांति सोमवार रात लगभग साढ़े आठ बजे वह मेरठ रोड की तरफ घूमकर वापस आ रहा था। रिलायंस पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामे की औपचारिकता पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मृतक जाहिद पावरलूम मशीन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसका छोटा भाई सऊदी अरब में नौकरी करता है। जाहिद अपने पीछे दो बेटों सावेज व समद और दो बेटियों सोनी व आयात को छोड़ गया है। मंगलवार को शुगर मिल के पीछे स्थित कब्रिस्तान में गमगीन माहौल में शव सुपुर्दे-खाक कर दिया।