मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र के रैसना गांव में कई लोगों ने स्पोर्ट्स फैक्टरी में घुसकर संचालक पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज कर ली। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
औरंगशाहपुर डिग्गी गांव निवासी धर्मेंद्र उर्फ पुष्पेंद्र ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 8 अगस्त की शाम उसका भाई ओमकार रैसना गांव स्थित अपनी स्पोर्ट्स फैक्टरी पर था। वह कारीगरों का हिसाब करके घर आने वाला था। तभी फैक्टरी के अंदर एक लड़की घुस आई। ओमकार ने लड़की को बाहर जाने के लिए कहा तो बाहर पहले से मौजूद कुछ लड़कों ने उसे फैक्टरी के अंदर धकेलते हुए बाहर से गेट की कुंडी लगा दी। कुछ देर बाद बाहर से प्रवीण व पपिंद्र उर्फ सेठी, टिंकू उर्फ पीयूष, दीपांशु और दो अज्ञात लोग फैक्टरी में जबरन अंदर घुस गए। आरोप है कि इन लोगों ने ओमकार को बैट, हॉकी और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में उसका भाई गंभीर घायल हो गया। किसी व्यक्ति ने फोन कर उन्हें सूचना दी। तब आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।