रसूलपुर में अवैध पटाखे पकडे़ जाने के मामले में चार महिलाओं समेत आठ पर रिपोर्ट दर्ज
फलावदा। क्षेत्र के गांव रसूलपुर में पकड़े गए अवैध पटाखों के मामले में पुलिस ने एक ही परिवार की चार महिलाओं सहित आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गत वर्ष अवैध पटाखों के विस्फोट से रसूलपुर गांव में तीन लोगों की मौत हो गई थी तथा करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे। विस्फोट से चार मकान जमींदोज होने के साथ ही आसपास के कई मकानों में दरारें आ गई थी।
इस घटना के बावजूद विस्फोटक का अवैध कारोबार गांव रसूलपुर में बंद नहीं हो पाया है। बसावट के बीच चल रहे इस अवैध कारोबार की सूचना शुक्रवार को पुलिस को मिली तो छापे की कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया। हालांकि मौके पर पुलिस के हाथ कोई आरोपी नहीं लग सका था।
महलका चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार यादव की ओर से थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में शादाब, एजाज, तेजान, इसरार तथा इन चारों की पत्नियां इमराना, रबिया, अर्शी व तफसीन आदि को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मौके से करीब 15 किलो विस्फोटक सामग्री के अलावा एक बोरी अर्द्धनिर्मित विस्फोटक बरामद होने का दावा किया है। वहीं, पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।