अवैध शराब फैक्टरी मामले में रिपोर्ट दर्ज
जानीखुर्द। जानी और कंकरखेड़ा पुलिस द्वारा पकड़ी गई अवैध शराब की फैक्टरी की रिपोर्ट मंगलवार को जानी थाने में दर्ज की गई। घटना में एक महिला सहित चार आरोपियों की गिरफ्तारी दिखाई गई है। वहीं चार आरोपी पुलिस ने मौके से फरार बताए हैं। पुलिस ने 93 अवैध शराब की पेटी और नकली शराब बनाने का सामान बरामद करने का दावा किया है।
चार दिन पूर्व जानी और कंकरखेड़ा पुलिस ने संयुक्त रूप से भोला रोड़ पर एक कार से पांच पेटी अवैध शराब और दो आरोपी विकास पुत्र रामबीर निवासी पेपला और अमित पुत्र हरिओम निवासी भमौरी थाना सरधना को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनसे पूछताछ के बाद भोला मार्ग पर गांव पेपला के निकट महेंद्र प्रताप डिग्री कॉलेज में छापा मारा। पुलिस को कॉलेज के एक कमरे में नकली शराब की फैक्टरी चलती मिली। पुलिस ने कमरे से 88 पेटी नकली शराब, पांच ड्रम 200 लीटर वाले नकली शराब के बने, एक ड्रम लिक्वड केमिकल, 20 हजार तोहफा ब्रांड के रेपर, 25 क्यूआर कोड़, एक बोरी यूरिया, शराब की तीव्रता नापने का यंत्र और शराब बनाने के यंत्र बरामद किए। पुलिस ने मौके से कॉलेज के चौकीदार जाकिर निवासी पेपला को गिरफ्तार किया। चार आरोपी सोनू उर्फ मनोज, संजीव ठाकूर, पिंटू और सचिन मौके से भागने में सफल रहे। बाद में पुलिस ने नकली शराब बनाने के काम में सहयोग करने वाली महिला रेखा पत्नी सोनू उर्फ मनोज निवासी मंसूरपुर को भी गिरफ्तार किया है। सीओ सरधना आरपी साही के अनुसार महेंद्र प्रताप डिग्री कॉलेज तीन सालों से बंद चल रहा था। कॉलेज के चौकीदार जाकिर के साथ आरोपियों ने एक सप्ताह पूर्व नकली शराब बनाने का काम शुरू किया था। नकली शराब का स्टॉक कर वह उसे पंचायत चुनाव में बेचने की योजना बना रहे थे।