मवाना। गांव मीवा निवासी अंकुर शर्मा ने दुर्घटना करने वाले कार चालक को नामजद करते हुए फर्जी व कूटरचित बीमा पालिसी तैयार कराकर कंपनी को हानि पहुंचाने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
अंकुर शर्मा ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 22 जुलाई 2024 को उसकी मां कमलेश शर्मा, बहन जीतू शर्मा व चाची भावना शर्मा घूमने के लिए गांव में गई हुई थी। उसी समय बोलेरो कार के चालक शिव कुमार ने शराब के नशे में तेजी व लापरवाही से कार चलाते हुए मां, बहन व चाची को टक्कर मार दी थी। हादसे में मां की मौत हो गई थी। इसकी रिपोर्ट थाने पर दर्ज कराई थी। दुर्घटना करनी वाली कार रफाकत निवासी देहरादून के नाम पर है।
आरोपी ने क्षेत्र के कुछ बीमा कंपनी के कर्मचारियों की मदद से फर्जी व कूटरचित बीमा तैयार किया। ऑनलाइन जांच करने पर पता चला कि दो वाहनों पर एक बीमा पालिसी है जो फर्जी है। आरोपी शिव कुमार ने बेईमानी से फर्जी व कूटरचित बीमा पालिसी तैयार कर कंपनी को हानि पहुंचाने और धोखाधड़ी करने का कार्य किया। पुलिस ने शिव कुमार के खिलाफ तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।