राहत : 92 करोड़ से भूमिगत होगी बिजली की लाइन
मेरठ। शहर को तारों के जाल से जल्द ही मुक्ति मिल जाएगी। पीवीवीएनएल की ओर से शहर में 954 किमी क्षेत्र में विद्युत लाइन को भूमिगत करने का प्रस्ताव बनाया गया है। इसके लिए विभाग करीब 92 करोड़ रुपये खर्च करेगा। अधिकारियों की ओर से इसका प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेज दिया गया है।
सबसे बड़ी राहत सराफा बाजार स्थित नील गली, वकील गली समेत कई क्षेत्रों में मिलेगी। यहां विद्युत तारों को भूमिगत करने की मांग एक दशक से भी अधिक समय से चली आ रही है। सराफा बाजार में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्घि का भी प्रस्ताव पास हो चुका है। यहां 25 केवी के 3 ट्रांसफार्मर भी लगाए जाने हैं। अधीक्षण अभियंता शहर राजेन्द्र बहादुर ने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर जल्द कार्य शुरू होगा।
इन इलाकों में होगा कार्य
घंटाघर, कोटला, अनाज मंडी, कागजी बाजार, शीश महल, डालमपाड़ा, कबाड़ी बाजार, सराय लाल दास, मकसूद अली चौक, पट्ठा मोहल्ला, किशन पुरी, दालमंडी, पूर्वा महावीर, केसरगंज, जलीकोठी
नहीं रहेगा हादसे का डर
सराफा बाजार में तारों का जाल देखकर हमेशा हादसे का डर लगा रहता है। यहां विद्युत लाइन भूमिगत होने के बाद इस डर से मुक्ति मिलेगी। संत कुमार वर्मा, सराफ
बरसों पुरानी मांग हुई पूरी
हम पिछले दस साल से विद्युत तारों का यहां भूमिगत करने की मांग करते आ रहे थे। अब यह मांग पूरी हुई है। ललित शैल, सराफा व्यापारी, नील गली बाजार