तीन साल में पांच या उससे अधिक बार यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऐसे 84,259 वाहनों के रजिस्ट्रेशन व चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण या निलंबन के लिए परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेज दी है। अब देखना ये है कि परिवहन विभाग के अधिकारी इस पर अपने स्तर से क्या कार्रवाई करते हैं।
जिले में वाहन चालकों से यातायात के नियमों का पालन कराना ट्रैफिक पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। चालान कटने के बाद भी वाहन चालक नियमों का पालन करने को तैयार नहीं हैं। तीन साल में 84,259 वाहन चालकों का नियमों का उल्लंघन करने पर पांच या इससे अधिक बार चालान कटा। इन लोगों ने चालान नहीं भुगते और नियमों का पालन भी नहीं किया। ऐसे वाहन चालकों की ट्रैफिक पुलिस ने सूची तैयार कर परिवहन विभाग को भेज दी है। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि ऐसे वाहन चालक जिनके पांच या उससे अधिक बार चालान कटे हैं और उन्होंने नहीं भुगते हैं। नियमानुसार उनके वाहनों के पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त या निलंबित किए जा सकते हैं। इसके लिए परिवहन विभाग को तीन साल की रिपोर्ट भेजी है। अब यह परिवहन विभाग के अधिकारियों के विवेक पर निर्भर है कि वह निरस्तीकरण की कार्रवाई करेंगे या फिर निलंबित करते हैं।
बिना हेलमेट, ओवरस्पीड वाले ज्यादा
एसपी ट्रैफिक के मुताबिक सटीक आंकड़ा तो नहीं है लेकिन इस सूची में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले और ओवरस्पीड वाले चालक ज्यादा हैं। इसके अलावा ट्रिप्लिंग, रेड लाइट का उल्लंघन, सीट बेल्ट न लगाना, मोडिफाई साइलेंसर, स्टंटबाजी समेत अन्य नियम तोड़ने वाले भी शामिल हैं।
पिछले एक सप्ताह में हुई ये कार्रवाई
यातायात पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में मॉडिफाई साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण करने वाले चार वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए हैं। फर्जी विधानसभा पास, काली फिल्म, हूटर, प्रेशर होर्न और लाल व नीली बत्ती लगाकर चलने वाले 150 वाहन चालकों के चालान काटे गए। इसके अलावा दिल्ली रोड पर अतिक्रमण हटवाने के लिए अभियान चलाया गया।
प्रदेशभर में चला मिशन शक्ति अभियान
22 सितंबर से प्रदेशभर में चलाए गए मिशन शक्ति अभियान के दौरान साढ़े आठ लाख से अधिक वाहनों की चेकिंग की गयी। 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक गाड़ियों की काली फिल्म को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 71,473 स्थानों की 24,457 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा 8,50,182 वाहनों की चेकिंग की गयी। अब तक 9,488 काली फिल्में हटाई जा चुकी हैं। इसके अलावा 2,817 हूटर और 1,087 बत्तियां भी हटाई गई हैं। इसके साथ ही, गलत स्थान पर पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ 18,215 चालान भी किए गए हैं। अभियान के दौरान 3,38,305 व्यक्तियों को चेतावनी दी गयी। वाहन नियमों का उल्लंघन करने पर 1,93,829 वाहनों का चालान किया गया है, जबकि 3,654 वाहनों को सीज भी किया गया है। कुल 251 पंजीकृत अभियोगों के साथ-साथ 450 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है, जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। इसके अलावा स्टंटबाजों के लिखाफ भी कड़ी कार्रवाई की गयी। इस दौरान 55,832 स्थानों की 21,324 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा 5,26,184 वाहनों की चेकिंग की गयी। अभियान के दौरान 770 स्टंटबाजी के मुकदमे दर्ज किये गये जबकि 263 स्टंटबाजों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 31,609 वाहनों का चालान और 1,388 वाहनों को सीज किया गया।