टेनिस बाॅल क्रिकेट लीग में युवाओं को हुनर दिखाने का मौका दे रहा अमर उजाला, संवाद में कोच बोले- शानदार है मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लीजेंड्स क्रिकेट लीग और अमर उजाला की ओर से आयोजित होने जा रही टेनिस बाॅल क्रिकेट लीग (एलएलसी टेन-10) के संबंध में सोमवार को मोहकमपुर स्थित अमर उजाला कार्यालय में संवाद हुआ। इसमें क्रिकेट कोच और खिलाड़ियों ने कहा कि एलएलसीटेन-10 लीग से युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ने की राह मिलेगी। उनके सपने साकार होंगे। क्रिकेट कोचों ने खेल के प्रति लोगों के उत्साह के विषय में बताया। लीग के लिए हजारों खिलाड़ियों ले रजिस्ट्रेशन करा लिए हैं।
टेनिस बॉल क्रिकेट लीग में शामिल होने के लिए 16 साल के अधिक उम्र के खिलाड़ी वेबसाइट www.llcten10.com पर पंजीकरण करा सकते हैं। शहर की क्रिकेट एकेडमी के संचालकों का कहना है कि मेरठ में इसके लिए रिकॉर्ड पंजीकरण कराए जाएंगे। युवाओं में इसके लिए उत्साह है। एकेडमी के संचालकों ने कहा कि शहर से लेकर देहात तक टेनिस बाल क्रिकेट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। एलएलसी टेन-10 से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए शानदार प्लेटफार्म मिलेगा।
मेरठ स्थित आईटीआई, ऋषभ क्रिकेट एकेडमी के वरिष्ठ क्रिकेट कोच अतहर अली ने कहा कि इस टूर्नामेंट से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। पहली बार खिलाड़ियों के लिए अमर उजाला की ओर से इतनी बड़ी पहल की जा रही है, खिलाड़ियों को इसका लाभ लेना चाहिए। आरएसए क्रिकेट ग्राउंड के कोच दीपक सिद्धू ने कहा कि इस लीग से खिलाड़ियों को अपना भविष्य बनाने का भी मौका मिलेगा। करण क्रिकेट एकेडमी के कोच नदीम ने कहा कि खिलाड़ी प्रतिदिन इस लीग के विषय में जानकारी कर रहे हैं। आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के कोच उदित ने कहा कि लीग के प्रचार को लेकर देहात तक होर्डिंग लगाए गए हैं, युवा इसमें बढ़चढ़कर भाग लेंगे। मेरठ से काफी संख्या में रजिस्ट्रेशन भी कराए जा चुके हैं।
पंचवटी क्रिकेट एकेडमी के कोच उमेश ने कहा कि बच्चों में इसे लेकर काफी उत्साह है। अमर उजाला की यह पहल सराहनीय है। इस मौके पर क्रिकेटर रोहित भिंडर, कोच अखिल, नितिन, जावेद, नावेद, अब्दुल कलाम, आयुष आदि ने कहा कि युवाओं में इस लीग को लेकर काफी उत्साह दिखाई पड़ रहा है।
रजिस्टर्ड खिलाड़ियों का यहां होगा ट्रायल
एलएलसीटेन 10 के लिए रजिस्टर करने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश के 12 शहरों में ट्रायल देने का मौका मिलेगा। आगरा, मुरादाबाद, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, झांसी, बरेली, लखनऊ, मेरठ, नोएडा, वाराणसी, प्रयागराज शामिल हैं। जिन युवाओं ने दूसरे शहरों से रजिस्टर किया है वो अपने जिले के नजदीक वाले स्थल पर ट्रायल दे सकेंगे। ट्रायल प्रक्रिया सुबह 10 बजे के बाद ही शुरू की जाएगी।
दिग्गज क्रिकेटर करेंगे टीमों की मेंटरशिप
लीग में शामिल होने जा रहे खिलाड़ियों को न सिर्फ बड़े खिलाड़ियों के साथ विभिन्न प्लेटफॉमों पर आने का मौका मिलेगा, बल्कि स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना, सिक्सर किंग क्रिस गेल, तेज गेंदबाज इरफान पठान, स्पीड स्टार ब्रेट ली, द टर्बिनेटर हरभजन सिंह, फील्डिंग के महारथी मोहम्मद कैफ उन्हें गाइड करेंगे। दिग्गज खिलाड़ी मेंटर के रूप में हर शहर की टीम से जुड़ेंगे।
ये होंगी टीम
इस लीग में आईआईएमटी मेरठ मार्बल्स, आगरा जीएल बजाज नाटराइडर्स, केरासा लखनऊ पैंथर्स, नोएडा जीएल बजाज सुपरकिंग्स, झांसी बुंदेलखंड ब्लास्टर्स, वैंकटेश्वरा लायंस माइटी वारियर्स मुरादाबाद जैसी टीमों के बीच मुकाबले होंगे।