मेरठ। एसएसपी दफ्तर पर बुधवार सुबह एक दुष्कर्म पीड़िता के धरने पर बैठने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि ब्रह्मपुरी पुलिस आरोपियों को बचाने का काम कर रही है। एसएसपी अजय साहनी ने पीड़िता को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए सीओ ब्रह्मपुरी को जांच सौंपी है।
ब्रह्मपुरी क्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि उसके पिता की मौत के वक्त उसकी भाभी ने अपने भाई को घर पर रहने के लिए बुला लिया था। संपत्ति पर कब्जे के लिए उसे प्रेमजाल में फंसाने का प्रयास किया गया। जब वह उनके झांसे में नहीं आई तो उसे बदनाम करने की नीयत से नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद उसकी भाभी ने अपने भाई के साथ उसकी अश्लील वीडियो बना ली। आरोपी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध किया तो उसकी भाभी ने उसके पति को खुद के द्वारा बनाई अश्लील वीडियो दिखा दी। जिस पर उसके पति ने उसे तलाक दे दिया और उसकी जिंदगी खराब हो गई।
पीड़िता के अनुसार दो माह से चक्कर काटने के बावजूद ब्रह्मपुरी थाने में मुख्य दोनों आरोपियों सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट तो दर्ज हुई। लेकिन इसके बाद से पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने से बच रही है। पीड़िता ने चेतावनी दे दी कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, वह धरने से नहीं उठेगी। एसएसपी ने बताया कि सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी को जांच दी गई है। किसी भी दशा में आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।