मेरठ में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित जगन्नाथपुरी में बुधवार को भीषण हादसा हो गया। अवैध रूप से चल रही चाबी फैक्टरी का बॉयलर फटने से दो कारीगरों की मौत हो गई। फैक्टरी मालिक के दो बेटे भी गंभीर रूप से झुलस गए। तेज धमाके से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार मकबरा डिग्गी निवासी मो. फाहिद उर्फ फाहिज पुत्र छंगे की इस फैक्टरी में एल्यूमीनियम को गलाकर चाबियां और दुपहिया वाहनों के लॉक बनाए जाते थे। बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे फैक्टरी में कारीगर रमेश (42) निवासी सुल्तानपुर और दीपक (45) पुत्र नन्हें निवासी लिसाड़ी गेट मेरठ भट्ठी के पास काम कर रहे थे, जबकि फैक्टरी मालिक के पुत्र फैसल (23) और अज्जू (20) माल पैक करा रहे थे। अचानक फैक्टरी का बॉयलर फट गया। धमाका इतना तीव्र था कि फैक्टरी की छत उड़ गई। आसपास की टीनशेड टूटकर बिखर गईं और दीवारों में दरारें आ गईं। देखते ही देखते आग भड़क गई।
यह भी पढ़ें: मेरठ के सदर में साड़ी शोरूम में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
इस भयावह हादसे में कारीगर रमेश और दीपक की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे फैसल और अज्जू को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। टीपी नगर पुलिस के साथ ही सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसडीएम सदर सुनीता सिंह और सीएफओ अजय कुमार शर्मा टीम लेकर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
सीएफओ के अनुसार फैक्टरी संचालन के लिए कोई एनओसी नहीं ली गई थी। न ही वहां आग बुझाने के कोई उपकरण मिले। फैक्टरी किराए पर चल रही थी। पुलिस के अनुसार विस्फोट के बाद फैक्टरी मालिक का पता नहीं चल रहा है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/