यूजीसी के प्रावधानों को लेकर समाज की आपत्तियों और मांगों को सरकार तक पहुंचाएंगे
कालिंदी गांव के क्षत्रीय सम्राट मिहिर भोज चौक से निकाली
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कालिंदी गांव के क्षत्रीय सम्राट मिहिर भोज चौक से शनिवार को राजपूत उत्थान सभा के नेतृत्व में अस्तित्व बचाओ यात्रा का शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य यूजीसी के प्रावधानों को लेकर समाज की आपत्तियों और मांगों को सरकार तक पहुंचाने है। भारी बारिश के बावजूद पदयात्रा में क्षेत्र के युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
राजपूत उत्थान सभा के अध्यक्ष डॉ. अजय सोम ने कहा कि यूजीसी के प्रावधानों को लेकर सवर्ण समाज के एक वर्ग में असहमति है। समाज इस नियम से खुश नहीं है। यह प्रावधान होने से इसका दुरुपयोग संभव है। इन्हीं प्रावधानों के विरोध और संबंधित मांगों को लेकर पदयात्रा शुरू की गई है। यात्रा के माध्यम से समाज की मांगों और आपत्तियों को प्रशासन तथा सरकार तक पहुंचाया जाएगा ताकि सरकार इस पर पुर्नविचार कर सके।
डॉ. अजय सोम के नेतृत्व में शुरू हुई पदयात्रा में बारिश के बीच बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार, यात्रा का अगला चरण 28 सितंबर को गांव खेड़ा से शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से संबंधित मुद्दे को लेकर लोगों के बीच संपर्क करने और अपनी बात प्रशासन एवं सरकार तक पहुंचाने का क्रम जारी रहेगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं की भागीदारी रही। इस दौरान सचिन सोम, दीपांशु, विक्की, प्रताप चौहान, चेतन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।