फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज स्नेह ने गाड़ियों के सभी शोरूम और वर्कशॉप किए बंद, व्यापारियों में हड़कंप, जानें क्या है वजह

Wed, 10 Oct 2018 04:35 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मेरठ न्यूज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मेरठ में मारुति सुजूकी के बड़े डीलर राज स्नेह के मालिकों ने अपने सारे शोरूम के साथ ही तमाम वर्कशॉप भी बंद कर दी। केवल ट्रू वेल्यू को खुला रखा गया है। हालांकि मंगलवार को सभी शोरूम रोजाना की तरह खुले, लेकिन सभी कर्मचारियों को बुधवार से शोरूम न आने के लिए कह दिया गया।
विज्ञापन


सूत्रों के अनुसार राजस्नेह के मालिकों ने बैंक आदि से कर्ज लिया हुआ है। कम आमदनी और बैंक के बढ़ते ब्याज और शोरूम से लगातार कम होती जा रही आमदनी के कारण मालिकों को ये फैसला करना पड़ा। राज स्नेह से जुड़े सूत्र जहां इस कर्ज को करीब 85 करोड़ रुपये बताते हैं तो बाहरी सूत्र इस कर्ज को कहीं ज्यादा बताते हैं। अब शोरूम की जमीन बिकने की चर्चा भी तेज हो गयी है। 

मोहकमहपुर दिल्ली रोड में राज स्नेह के नाम से मारुति की गाड़ियों का बड़ा शोरूम और वर्कशॉप है। राजस्नेह के एमडी अशोक जैन और डायरेक्टर मनोज गुप्ता हैं। गाड़ियों का सूर्या पैलेस में स्टॉक यार्ड बनाया गया। इसके बाद इन दोनों ने नेक्सा और एरेना के शोरूम के साथ अपनी ब्रांच व वर्कशॉप शहर में कई जगह खोली। 
विज्ञापन


गढ़ रोड पर शोरूम और तक्षशिला के पास एक और वर्कशॉप खोली। इसके अलावा रूड़की रोड पर राजमंदिर मंडप के पास एक वर्कशॉप खोलने के साथ सीसीएसयू के सामने एरिना का शोरूम खोला। जबकि नेक्सा का शोरूम दिल्ली रोड पर खोला तो रिठानी में उसकी वर्कशॉप भी बनायी।

पिछले कुछ दिनों से कर्ज में डूबते दोनों पार्टनरों ने अपना काम समेटना शुरू कर दिया था। तब से ही चर्चा फैली थी कि राजस्नेह बंद होने वाला है। लेकिन दोनों मालिकों ने इसे अफवाह बताते हुए सिरे से नकार दिया था। मंगलवार को राज स्नेह के ट्रूवेल्यू को छोड़ बाकी सभी शोरूम और वर्कशॉप पर ताले लटक गए।
विज्ञापन

बढ़ता जा रहा था ब्याज
सूत्रों के अनुसार अशोक जैन और मनोज गुप्ता ने ऑटोमोबाइल कारोबार शुरू किया था। बाद में अशोक जैन के बेटे प्रियांक जैन और मनोज गुप्ता के बेटे मयंक गुप्ता भी इसमें शामिल हो गये। अशोक जैन का शेयर चूंकि ज्यादा था तो उनके बेटे प्रियांक नेक्सा और एरेना शो रूम के एमडी बन गये, जबकि मयंक डायरेक्टर रहे। लेकिन जहां कंपनी ने अपने शोरूम बनाने पर इन लोगों का मोटा खर्च कराया तो राजस्नेह से ज्यादा आमदनी हो नहीं पायी। बैंकों का ब्याज बढ़ता जा रहा था।

मालिकों से नहीं हुआ संपर्क
इस पूरे प्रकरण पर अशोक जैन, प्रियांक जैन, मनोज गुप्ता और मयंक गुप्ता से बात करने का प्रयास किया गया। लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। वहीं कई कर्मचारियों ने जरूर इस बात की पुष्टि की कि उन्हें मंगलवार को न आने की बात कहते हुए शोरूम और वर्कशॉप पर ताला डाल दिया गया है।

राज स्नेह में एक माह से बंद थी बिक्री
राज स्नेह शोरूम तो करीब एक माह पहले ही बंद हो चुका था। स्टॉक में जो गाड़ियां बची थी उन्हें एरिना शो रूम के माध्यम से बेचा जा रहा था, जबकि नेक्सा संचालित था। इनके मालिकों ने कहा था कि दिल्ली रोड की इस जमीन का उपयोग किसी अन्य काम में करेंगे, लेकिन शो रूम बंद नही होंगे।

जानकारी के मुताबिक अशोक जैन और मनोज गुप्ता के पास मोहकमपुर स्थित राज स्नेह शो रूम की जमीन के साथ सूर्या पैलेस में बनाये गये स्टॉक यार्ड की जमीन ही अपनी है। बाकी सभी शोरूम और वर्कशॉप किराये की जमीन और भवन में चल रहे थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें