सरधना। कस्बा चौकी चौराहे पर तेज बारिश मे जलभराव से गुजरते वाहन। संवाद
- कई मोहल्लों में जलभराव से आवागमन हुआ प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर में सोमवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद कई मोहल्लों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर जलभराव हो गया। तहसील रोड, अशोक की लाट, गुजरान गेट, रामलीला ग्राउंड, लश्करगंज और कालंद चुंगी समेत कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जलभराव के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और ई-रिक्शा चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति अधिक खराब रही। कई मार्गों पर पानी भरने से यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई। राहगीरों को पानी के बीच से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। दोपहिया वाहन चालक भी जलभराव वाले रास्तों से संभलकर निकलते नजर आए। बारिश का असर बाजारों में भी दिखाई दिया। सड़कों पर पानी जमा होने और खराब मौसम के कारण बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही। दुकानदारों के अनुसार बारिश के दौरान ग्राहकों की संख्या घटने से कारोबार प्रभावित हुआ है।
नगरवासियों ने नगर पालिका और प्रशासन से जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।