केबल शिफ्टिंग शुरू,बरसात के बाद टूटेगी सिटी रेलवे स्टेशन की पुरानी इमारत
दीवारों पर दिखेगी 1857 की क्रांति की झलक
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सिटी रेलवे स्टेशन को उच्चस्तरीय सुविधाओं से लैस करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्टेशन परिसर में केबल शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया गया है। दो माह के भीतर टिकट काउंटर भी पार्सल घर की इमारत में संचालित होने लगेंगे। बारिश के बाद रेलवे स्टेशन की इमारत टूटनी शुरू हो जाएगी।
110 साल पुरानी ब्रिटिश कालीन इमारत को नया लुक देने रेलवे ने थीम आधारित काम करने का निर्णय लिया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सिटी रेलवे स्टेशन का सुंदरीकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्राथमिकता बिंदुओं में शामिल है। पीएम ने फरवरी 2024 में आभासी कार्यक्रम में सिटी रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाने की आधारशिला रखी थी। मेरठ के अलावा अन्य शहरों के बड़े रेलवे स्टेशन भी इस योजना में शामिल हैं।
यह मिलेंगी सुविधाएं
सिटी रेलवे स्टेशन की पुरानी इमारत के स्थान पर नई बहुमंजिली इमारत होगी। जिसमें वातानुकूलित प्रतीक्षा कक्ष, होटल, वाहन पार्किंग, मॉल जैसी व्यवस्थाएं रहेंगी। इनके अलावा स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार पर शहर या राज्य की स्थानीय कला, संस्कृति और इतिहास देखने को मिलेगा। दिव्यांग अनुकूल इमारत में रैंप, लिफ्ट, एस्केलेटर, ब्रेल लिपि संकेत और विशेष शौचालय की व्यवस्था होगी। साथ ही स्टेशन पर मुफ्त वाईफाई, डिजिटल सूचना बोर्ड और वन स्टेशन वन प्रोजेक्ट के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए खास कियोस्क होंगे।
वर्जन
सिटी रेलवे स्टेशन का जीर्णोद्धार करने वाली कंपनी ने परिसर से पेड़ों का कटान करा लिया है। अब केबल शिफ्टिंग का काम चल रहा है। बरसात के बाद पुरानी इमारत को तोड़ने का काम भी शुरू हो जाएगा। - धर्मवीर सिंह, उप मुख्य अभियंता रेलवे दिल्ली मंडल।