हस्तिनापुर। मंगलवार शाम को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। दिनभर उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली, लेकिन तेज हवा और बारिश के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शाम करीब 5:00 बजे के बाद आसमान में काले बादल छाने लगे और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश शुरू होते ही बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानदारों ने सामान को सुरक्षित स्थानों पर रखने की जल्दबाजी की, जबकि बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को दुकानों में शरण लेनी पड़ी। तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सुंदर सिंह, विपिन, हरेंद्र चौहान, पंकज चौधरी आदि किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह बीच-बीच में मौसम अनुकूल बना रहा तो खेती को फायदा होगा।