संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मंगलवार शाम शुरू हुई बारिश ने मौसम में सर्दी का एहसास करा दिया। वहीं कई क्षेत्रों में जलभराव और समस्याएं भी खड़ी कर दीं। दिनभर चली तेज हवाओं और बारिश से किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। रातभर चली तेज हवाओं के चलते लोगों को सर्दी का एहसास बढ़ गया।
लगातार बारिश से गेहूं और सब्जी की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। कई किसानों की कई महीने की मेहनत पर पानी फिर गया। जो गेहूं की फसल पहले ही तेज हवाओं के कारण खेतों में बिछ गई थी, उसे इस बारिश ने और अधिक नुकसान पहुंचाया है। जो फसल कटने से रह गई है, वह भी प्रभावित हुई है। वहीं खेतों में कटी हुई फसल भी बारिश से भीगकर खराब होने की स्थिति में पहुंच गई है। इससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
देर रात तक कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे इलाके में ठंड बढ़ गई। वहीं नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नालों की सफाई न होने और जलनिकासी व्यवस्था चरमराने के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं। जगह-जगह वाहन खराब खड़े नजर आए। पंकज जैन, ललित गुप्ता, वीरेंद्र चौधरी, खालिद अंसारी, सभासद शानू जैन, इमरान ठाकुर और शहजाद सितारा आदि ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
लोगों का कहना है कि नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है लेकिन नगर पालिका प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे आम जनता को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।