जालंधर से मेरठ आ रही एक महिला ने ट्रेन में बच्ची को जन्म दिया। इसकी सूचना रेल अधिकारियों को लगी तो रेलवे ने बच्ची को गिफ्ट देने की पहल की है। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि अगर उनकी बात मान ली गई तो नवजात बच्ची को जिंदगी भर ट्रेन में फ्री चलने का अधिकार प्राप्त होगा।
जानिए पूरा मामला
जालंधर से मेरठ आ रही एक महिला ने सोमवार देर रात गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में बेटी को जन्म दिया। पति के साथ सफर कर रही महिला आसिफा को जब प्रसव पीड़ा हुई तो अन्य महिलाओं ने ट्रेन में ही डिलीवरी कराई। इसके बाद ट्रेन जैसे ही कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो जच्चा-बच्चा को एंबुलेंस से कैंट सिविल अस्पताल ले जाया गया।
दंपति मेरठ में कस्बा लावड़ का निवासी है और महिला का पति मोहम्मद नौशाद जालंधर में मजदूरी करता है। सोमवार को वह पत्नी के साथ गोल्डन टेंपल मेल के स्लीपर कोच में सफर कर रहे थे कि अंबाला पहुंचने से पहले रात करीब दो बजे 27 वर्षीय आसिफा को प्रसव पीड़ा हुई। इसी बीच ट्रेन में मौजूद अन्य महिलाओं ने आसिफा की डिलीवरी करवाई।
वहीं, मोहम्मद नौशाद ने बताया कि डॉक्टरों ने अभी कुछ दिन और डिलीवरी में बताए थे। इसी वजह से वह अपनी पत्नी को गांव ले जा रहा था ताकि वहां घर में उसकी देखभाल हो सके।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/