कुरैशी समाज की बैठक में बोलते यूसुफ कुरैशी
पुराना कमेला रोड स्थित फलक पैलेस में शनिवार को हुई कुरैशी समाज की बैठक में शादियों में दहेज बंद करने का एलान किया गया। तय किया गया कि शादियों में फिजूलखर्ची नहीं की जाएगी। लड़कियों की इस्तमाई शादियां कराई जाएंगी। इसकी निगरानी के लिए 20 लोगों की कमेटी बनाई गई है। पांच लोग संरक्षक मंडल में रहेंगे। इशा की नमाज के बाद कुरआन ए पाक की तिलावत के साथ बैठक का आगाज हुआ। इसमें मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर से कुरैशी बिरादरी के सैकड़ों लोगों ने शिरकत की।
दहेज समाज के लिए लानत है, इसे खत्म किया जाए
फलक पैलेस में बैठक
इस बैठक में बिरादरी के लोगों ने दहेजबंदी पर हाथ उठाकर सहमति जताई। कहा कि दहेज समाज के लिए लानत है, इसे खत्म किया जाए। शादियों में बड़ी-बड़ी गाड़ियां, कई-कई खाने न दिए जाएं। बैठक में यह भी तय किया गया कि न सिर्फ मुस्लिम, बल्कि अन्य मजहब से जुड़े लोगों से भी अपील की जाएगी कि वे भी दहेज का लेन-देन बंद करें, ताकि समाज से यह बुराई खत्म हो सके। रात करीब 11 बजे दुआ के साथ बैठक खत्म हुई। इस दौरान पूर्व सांसद हाजी शाहिद अखलाक, पूर्व मंत्री हाजी याकूब, हाजी शौकत, हाजी नूर इलाही, मौलाना अय्यूब, मौलाना खुर्शीद और जमीएतुल कुरैश के नेशनल एग्जीक्यूटिव मेंबर नसीम कुरैशी मौजूद रहे।