फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: ‘आपरेशन राजस्व’के रडार पर बिजली बिल बकायेदार, 31 मार्च तक पूरा करना होगा लक्ष्य

Wed, 23 Jan 2019 03:16 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
light
विज्ञापन
वित्तीय वर्ष समाप्ति की उल्टी गिनती शुरू होते ही बिजली बिल बकायेदार उपभोक्ता पीवीवीएनएल के निशाने पर आने लगे हैं। विभाग ने ‘आपरेशन राजस्व वसूली’ के जरिये गांव से शहर तक बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटकर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। बकाया वसूली के लिए शासन ने सरचार्ज समाधान योजना भी चला रखी है। लेकिन अभी तक इसमें तेजी नहीं आ सकी है।
विज्ञापन


31 मार्च तक राजस्व लक्ष्य पूरा करने के लिए पीवीवीएनएल अधिकारियों ने पूरी ताकत लगा दी है। बकाया बिल वसूलने के लिए लगातार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। शासन ने बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई के आदेश भी दिए हैं। इसके साथ ही शासन ने दो किलोवाट तक के घरेलू और कामर्शियल उपभोक्ताओं के अलावा नलकूप किसानों के लिए सरचार्ज समाधान योजना चला रखी है। 

इसके तहत मूल बकाये की 30 फीसदी धनराशि जमा करके पंजीकरण कराना होगा। पंजीकृत उपभोक्ता के सरचार्ज में शत-प्रतिशत छूट दी जाएगी। शहरों में तो उपभोक्ता इसका लाभ उठाने लगे हैं, लेकिन गांवों में इसकी चाल धीमी है। किसानों का कहना है गन्ना बकाया भुगतान नहीं होने से वे नलकूप बिल भर पाने में असमर्थ हैं। जिन मिलों ने किसानों का भुगतान करना शुरू किया है वहां की गन्ना समितियां पहले गन्ना मूल्य भुगतान से ऋण की वसूली कर रही हैं। दूसरी तरह पीवीवीएनएल अधिकारियों पर राजस्व लक्ष्य पूरा करने की तलवार लटकी है। 

पार्ट पेमेंट लेने को भी तैयार 
राजस्व वसूली लक्ष्य पाने के लिए अधिकारी उपभोक्ताओं से बिल अमाउंट का पार्ट पेमेंट लेने को भी तैयार हैं, बशर्ते बकायेदार उपभोक्ता 50 फीसदी से ज्यादा पेमेंट कर दे। पार्ट पेमेंट करने पर उपभोक्ता का नाम कनेक्शन कटने की सूची से निकाल दिया जाता है। इस व्यवस्था से राजस्व वसूली लक्ष्य में तो सुधार हो जाता है, लेकिन उपभोक्ताओं पर बकाया हमेशा के लिए खड़ा रहता है। 
विज्ञापन

योजना का कम हो रहा प्रचार प्रसार 
सरचार्ज समाधान योजना का प्रचार प्रसार कम होने का भी दंश विभाग को झेलना पड़ रहा है। जन सुविधा केंद्रों पर लगाए जा रहे बिजली कैंपों में योजना की तो जानकारी दी जा रही है, लेकिन गन्ने का भुगतान नहीं होने की बात कहकर किसान मार्च तक के लिए रियायत मांग कर रहे हैं। 

वित्तीय वर्ष की समाप्ति पास आने पर राजस्व लक्ष्य पूरा करने का दबाव हर विभाग पर बढ़ जाता है। बकाये की वसूली के लिए ही कनेक्शन काटने की कार्रवाई हो रही है। सरचार्ज माफी के लिए सरचार्ज समाधान योजना भी चल रही है। उपभोक्ता इसका फायदा उठाकर परेशानियों से बच सकते हैं। -आशुतोष निरंजन, एमडी पीवीवीएनएल मेरठ 

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें