फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छिटपुट घटनाएं, 66.69% मतदान

Sat, 10 Oct 2015 02:50 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
जनपद में पंचायत चुनाव का पहला चरण छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। पहले चरण में कुल 66.69 प्रतिशत मतदान हुआ। लोकतंत्र के पहले पायदान के लिए हुए मतदान में 2 लाख 68 हजार  555 मतदाताओं में से 1लाख 79 हजार 96 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। सबसे ज्यादा मतदान मेरठ ब्लॉक में 70.27 प्रतिशत और सबसे कम रोहटा ब्लॉक में 64.28 प्रतिशत रहा।
विज्ञापन


जनपद में चार चरणों में पंचायत चुनाव हो रहा है। प्रत्येक चरण में तीन-तीन ब्लॉक शामिल किए गए हैं। शुक्रवार को पहले चरण के लिए रोहटा, जानी और मेरठ ब्लॉक में मतदान हुआ। इन तीनों ब्लॉकों में क्षेत्र पंचायत सदस्य की कुल 175 सीटों पर 675 प्रत्याशी और जिला पंचायत सदस्य की सात सीटों के लिए 85 प्रत्याशी मैदान में थे।

सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ तो मुस्लिम बहुल मतदान केंद्रों पर लाइन लगनी शुरू हो गईं। लेकिन अधिकांश गांवों के बूथों पर धीमी गति से मतदान हुआ। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मतदान की गति बढ़ती गयी। खेतों से काम करके लौटने के बाद ग्रामीणों ने जमकर मतदान किया।
विज्ञापन


रोहटा में डीएम को घेरा
ग्राम रोहटा में मतदान का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी पंकज यादव का ग्रामीणों ने घेराव किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि आप लोगों ने आपत्तियां दर्ज नहीं करायी होंगी। यदि आपत्ति दर्ज करायी है और फिर भी सही आपत्तियों का निस्तारण नहीं हुआ है तो जांच करायी जाएगी।

छिटपुट हुई घटनाएं
पहले चरण में अतिसंवेदनशील गांवों को लेकर पुलिस-प्रशासन की चौकसी ने मतदान शांतिपूर्वक संपन्न करा दिया। मेरठ के गगोल, जानी के धौलड़ी और टिमकिया, रोहटा के अरनावली व रोहटा आदि गांवों में हल्की मारपीट और नोंकझोंक के बीच पुलिस बल से भी धक्कामुक्की की भी जानकारी मिली। लेकिन बाकी क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।

आंकड़े जुटाने में छूटे पसीने
मतदान के बाद अंतिम आंकड़े जुटाने में कंट्रोल रूम के कर्मचारियों के पसीने छूट गए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन दिनेश चंद्र को स्वयं बैठकर आंकड़े इकट्ठा कराने पड़े। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों से लगातार फोन पर संपर्क के बावजूद सही आंकड़े उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे। इस पर एडीएम (ई) ने कई सेक्टर मजिस्ट्रेटों को फोन पर ही जमकर हड़काया। शाम करीब साढ़े सात बजे अंतिम आंकडे़ प्राप्त हो पाए।
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें