संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर के मोहल्ला गुजरान गेट स्थित टंकी परिसर में बने सार्वजनिक शौचालय के नियमित रूप से समय पर न खुलने से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। आरोप है कि यह शौचालय रोजाना सुबह 10 बजे के बाद ताला लगाकर बंद कर दिया जाता है, जिससे महिलाओं और अन्य नागरिकों को इसका उपयोग करने में कठिनाई होती है।
स्थानीय निवासी देवेन्द, राज, विपिन, सूरज, महेश आदि का कहना है कि शौचालय का समय से पहले बंद होना केवल असुविधा ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन रहा है। लोगों ने बताया कि बार-बार बंद रहने से लोग मजबूरी में आसपास गंदे स्थानों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे मच्छरजनित बीमारियों और अन्य संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ता है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका परिषद के चेयरपर्सन और ईओ को कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि तैनात केयरटेकर नियमित समय से पहले शौचालय बंद कर देता है और पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। इस मामले ने स्वच्छ भारत मिशन की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़ा कर दिया है। नागरिकों का कहना है कि मिशन केवल शौचालय बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संचालन और रख-रखाव भी उतना ही महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने जांच कराते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।