संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील क्षेत्र के गांव खेड़ी टप्पा लावड़ में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम के साथ ही सामान्य दिनों में भी खेतों और आबादी क्षेत्र में पानी भर जाता है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है। संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीण सतेंद्र, कुलदीप, मुकेश, प्रवीण, उदयवीर सिंह, देवेंद्र, राजकुमार, दिनेश और शिवकुमार का कहना है कि लगातार जलभराव के कारण मच्छरजनित रोगों सहित अन्य बीमारियों की आशंका बढ़ गई है, जिसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान और गांव के समुचित विकास के लिए जिला पंचायत द्वारा नाले का निर्माण कार्य स्वीकृत किया जा चुका है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर नाला निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते कार्य नहीं कराया गया तो आगामी बरसात में हालात और गंभीर हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित में स्वीकृत नाला निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने नायब तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।