मेरठ के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ सरेराह अभद्रता की गई। लक्ष्मी मोटर के पास हुई इस घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों में असुरक्षा की भावना गहराई।
पहले भी कर चुका था ब्लैकमेल
परिजनों के अनुसार लालकुर्ती निवासी शहजाद लंबे समय से किशोरी को परेशान कर रहा था। उसने पहले भी किशोरी के फोटो और वीडियो अश्लील तरीके से एडिट कर वायरल किए थे। उस समय आरोपी ने गलती मानकर सामग्री हटाने का आश्वासन दिया था।
विरोध पर भाई पर हमला
शुक्रवार को आरोपी अपने एक साथी के साथ किशोरी का रास्ता रोककर अभद्रता करने लगा। जब भाई ने विरोध किया तो पंच से सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
लोगों ने पकड़कर सौंपा पुलिस को
हमले के बाद दोनों आरोपी फरार होने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
मुकदमा दर्ज, जांच तेज
पुलिस पूछताछ में शहजाद ने इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क होने की बात स्वीकार की है। परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी के साथी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।