लाला के बाजार में सैंपलिंग करने पहुंची खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग (एफडीए) की टीम का बुधवार को व्यापारियों ने विरोध किया। मामला बढ़ने पर व्यापारी नेता विजय आनंद समेत अन्य व्यापारियों ने टीम सदस्यों के साथ धक्कामुक्की की। इस पर वहां हंगामा हो गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चार व्यापारियों के खिलाफ नामजद और 15 अज्ञात व्यापारियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
शासन के आदेश पर एफडीए टीम सैंपलिंग अभियान चला रही है। मंगलवार को गंगानगर स्थित पंजाब स्वीट्स पर भी सैंपल लेने पर हंगामा हुआ था। बुधवार को टीम लाला के बाजार में मावा की सैंपलिंग के लिए पहुंची थी। टीम सदस्यों ने छह सैंपल ले लिए थे। अभिहित अधिकारी रणधीर सिंह ने बताया कि जब टीम राजीव कुमार और कृष्णकांत शर्मा के यहां से मावा का सैंपल लेने पहुंची तो व्यापारी नेताओं ने विरोध कर दिया। व्यापारियों ने टीम को दुकान के अंदर नहीं घुसने दिया। उनके साथ धक्कामुक्की की गई। इस पर वहां हंगामा हो गया। व्यापारी नेता विजय आनंद, कपिल चौबे, राजीव कुमार, कृष्णकांत शर्मा ने भी टीम के सदस्यों से विरोध जताया। इस पर अधिकारियों ने आपत्ति जताई, लेकिन व्यापारियों के विरोध के कारण दोनों दुकानों से सैंपल नहीं लिए जा सके।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद देव ने कहा कि व्यापारी नेता विजय आनंद, कपिल चौबे, राजीव कुमार और कृष्णकांत शर्मा के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। तहरीर में 15 अज्ञात व्यापारियों को भी आरोपी बनाया गया है।
इन दुकानों से भरे गए मावा के सैंपल
- दास मावा भंडार
- शिव मावा भंडार
- राजकुमार मावा भंडार
- आदर्श शुद्ध मावा भंडार
- सतीश मावा भंडार
- चंद्रा फूड्स
- उस्मान टी स्टाल ( इस्लामाबाद) मिश्रित दूध