फलावदा में कब्रिस्तान में बने मजार तोड़ने का मामला
फलावदा। कस्बे में एक सप्ताह पूर्व काले सिंह मंदिर मार्ग से जंगल में स्थित कब्रिस्तान में बनी मजार को शरारती तत्वों ने तोड़कर कस्बे का माहौल खराब करने का प्रयास किया था। योगी समाज के लोगों ने घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर आरोप लगाया कि पुलिस ने दो दिन पूर्व एक बजरंग दल कार्यकर्ता को हिरासत में लेकर दुर्व्यवहार किया था।
इस मामले को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष आदेश चौधरी एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष सचिन गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह को शिकायत देते हुए बताया कि पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ता को हिरासत में लेकर थाने में दुर्व्यवहार किया और जेल भेजने की धमकी दी। कार्यकर्ताओं ने थाने में इकट्ठा होकर नारेबाजी करते हुए विरोध किया। चेतावनी दी कि घटना में शामिल लोगों को ही हिरासत में लिया जाए। निर्दोष लोगों को पुलिस परेशान न करे। यदि पुलिस कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करेगी तो थाने में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के ब्लॉक अध्यक्ष शिवम कुमार, नगर अध्यक्ष अनंत आर्य, उपाध्यक्ष आयूष सैनी, सचिन, रमेश धीमान, अनुराग, विशाल सैनी, नीरज, नितिन प्रदीप ,अंकुर ,हर्ष, केशव, कुलदीप, दिनेश, बाबूराम, सुमित, नवीन, विपुल, महावीर, हर्षपाल, सागर, मनीष, अजय आदि थे।