प्लॉट खरीदने से मना करने पर प्रॉपर्टी डीलर ने गोली मारी
मोदीपुरम (मेरठ)। सरधना मार्ग स्थित बैंक कॉलोनी के पास एक प्रोपर्टी डीलर ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। यह शख्स प्लॉट देखने आया था, लेकिन बात न बनने पर उसे प्लॉट खरीदने से मना कर दिया। इसके बाद उसे गोली मार दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसे मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। गोली पेट में लगी है।
घटना शुक्रवार शाम करीब सात बजे की है। सरधना रोड स्थित बैंक कॉलोनी में प्लॉट देखने के लिए गोलाबड़ निवासी बबलू जाटव आया था। वहां उसने कई प्लाट देखे और डीलरों से प्लॉट को लेकर बातचीत कर रहा था। इस बीच वहां पर नंगलाताशी निवासी डीलर महेंद्र भी आ गया। उससे भी प्लॉट के बारे मेें बातचीत हुई। लेकिन कोई बात नहंी बनी। बबलू ने प्लाट लेने से मना कर दिया। वह दूसरे डीलर से भी बात करने लगा ओर इसकी बात को लेकर महेंद्र ने बबलू को गोली मार दी और फरार हो गया।
सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बबलू जाटव ने बताया कि वह प्लॉट देखने आया था। उसकी बातचीत प्लॉट खरीदने के लिए महेंद्र डीलर से हुई। उससे बात बिगड़ गई और बबलू किसी दूसरा प्लॉट खरीदने के लिए अन्य व्यक्ति से बात करने लगा। इसी बात पर गोली मार दी गई। आरोपी की तलाश की जा रही है।